Saturday, June 6, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास विकास वैभव चौराहा पर विश्व पर्यावरण दिवस पर पर्यावरण प्रेमियों का भव्य...

विकास वैभव चौराहा पर विश्व पर्यावरण दिवस पर पर्यावरण प्रेमियों का भव्य समागम

0
10

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

बगहा, 05 जून 2026: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “विकास वैभव चौराहा” पर एक भव्य पर्यावरणीय समागम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण पुरुष गजेन्द्र यादव द्वारा रोपित एवं संरक्षित पेड़-पौधों की प्राकृतिक छटा और पक्षियों के मधुर कलरव के बीच आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के प्रति एक प्रेरणादायी संदेश लेकर सामने आया। कार्यक्रम में उपस्थित पर्यावरण प्रेमियों ने एक स्वर में यह संदेश दिया कि केवल वातानुकूलित कक्षों में बैठकर पर्यावरण पर चर्चा करने से संकट का समाधान संभव नहीं है, बल्कि धरातल पर वृक्षारोपण और संरक्षण के ठोस प्रयास ही वास्तविक बदलाव ला सकते हैं। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि पेड़-पौधों को मात्र संसाधन न समझकर उन्हें अपने परिवार के सदस्य की तरह मानना और उनकी देखभाल करना समय की आवश्यकता है।

गजेन्द्र यादव द्वारा पेड़-पौधों को अपना परिवार मानते हुए होली, दीपावली और रक्षाबंधन जैसे प्रमुख पर्वों को वृक्षों के साथ मनाने की अनूठी परंपरा भी चर्चा का केंद्र रही। इस पहल को समाज के लिए अनुकरणीय बताते हुए लोगों से अपील की गई कि वे भी अपने आसपास के पेड़-पौधों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाएं। समागम के दौरान बिहार एवं पूर्वांचल के प्रसिद्ध व्यंजन ‘लिट्टी-चोखा’ की व्यवस्था ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा। इससे लोगों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने का संदेश भी मिला। कार्यक्रम में “सुजलां सुफलां शस्य श्यामलां मातरम्” की भावना के साथ पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया गया। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बगहा के पुलिस अधीक्षक श्री रामानन्द कौशल सहित शंभूनाथ शुक्ल, रामसकल साह, कमलेश चतुर्वेदी, रामनगर के पूर्व प्रमुख सुरेन्द्र प्रसाद यादव, संतोष यादव, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि रामचन्द्र सिंह, जयकुमार श्रीवास्तव, पूर्व सैनिक सुबेदार कौशल किशोर यादव, श्रवण राम, बच्चा प्रसाद कुशवाहा, गनेश पासवान, योगेन्द्र खटीक, रामायण पासवान, चंदन पंडित, रविन्द्र कुमार, रोहित यादव, किशोर शर्मा, हरिशंकर राजभर, नारायण राजभर, छोटेलाल राम, संदीप कुमार सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन “वंदे मातरम्” के उद्घोष के साथ हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!