विजय शर्मा / लल्लू पटेल वाल्मिकीनगर पश्चिम चंपारण
बगहा अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत बाल्मीकि नगर थाना क्षेत्र के भेरिहारी रोहुआ टोला में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।कार्यक्रम के दौरान बाल्मीकि नगर विधानसभा के विधायक सुरेंद्र कुशवाहा ने कहा कि पेड़-पौधे हमारी धरोहर हैं, जिन्हें हमारे पूर्वजों ने हमें विरासत में दिया है। उन्होंने कहा कि हमारा नैतिक कर्तव्य है कि हम आने वाली पीढ़ी को भी हरित वातावरण की सौगात दें।

डीएफओ विकास अहलावत ने लोगों से अपील की कि उपलब्ध छोटी से छोटी भूमि पर भी फूलों एवं औषधीय पौधों का रोपण करें, जिससे ऑक्सीजन संतुलन बनाए रखने में सहायता मिल सके। रेंजर सत्यम कुमार ने कहा कि पेड़-पौधे पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हैं और मानव जीवन के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं। जिस प्रकार मानव शरीर में फेफड़े का महत्व होता है, उसी प्रकार पेड़-पौधे हमारे लिए फेफड़ों के समान हैं, जो ऑक्सीजन की पूर्ति करते हैं।

इस मौके पर एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट अपूर्व मिश्रा ने बताया कि पेड़-पौधे पर्यावरण को संतुलित रखते हैं और ग्लोबल वार्मिंग को कम करने में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे पृथ्वी को हरा-भरा बनाए रखते हैं और फल, फूल, अनाज, लकड़ी एवं जड़ी-बूटियों के साथ-साथ शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान कर सभी जीवों के जीवन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही ये मिट्टी के कटाव को रोकते हैं और वर्षा में भी सहायक होते हैं।

एसीएफ सत्यम कुमार, पशु चिकित्सक डॉ. संजीव रंजन, रेंजर सत्यम कुमार, फील्ड बायोलॉजिस्ट डॉ. सौरभ वर्मा, अमित कुमार जायसवाल उर्फ बिट्टू जायसवाल, रंजीत कुमार, भोलू श्रीवास्तव, अमर कुशवाहा, मुनीलाल दास, रघु यादव एवं विनय कुशवाहा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






