मोबाइल टॉवर पर चढ़ी युवती को भेजी गई जेल, प्रेमी के पिता से 20 लाख मांगने का लगा आरोप
बिहार के मांझागढ़ से सुधीश श्रीवास्तव की रिपोर्ट
मांझागढ़ ,(गोपालगंज) मांझागढ़ थाना क्षेत्र में बुधवार को उस समय हाई वोल्टेज ड्रामे में बदल गया, जब एक युवती करीब 120 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। करीब दस घंटों तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस ने युवती को सुरक्षित नीचे उतारा। बाद में रंगदारी मांगने के आरोप में पुलिस ने युवती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया । मिली जानकारी के अनुसार करीब पांच वर्ष पूर्व नयी बाजार के अमरजीत कुमार ने बातचीत अपने भाई की साली से शुरू की थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया। इसी बीच युवती ने प्रेमी पर शादी करने का दबाव बनाने लगी।

विवाद बढ़ने पर युवती ने मांझागढ़ थाने में प्रेमी एवं उनके स्वजनो के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस मामले में प्रेमी के पिता दिनेश प्रसाद के द्वारा थाने में युवती के विरुद्ध प्राथमिकी कराई गई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि युवती ने उनके पुत्र अमरजीत कुमार के साथ शादी करने के नाम पर 20 लाख रुपये की रंगदारी मांग गया था। वहीं आत्महत्या की धमकी भी दी जा रही थी। उन्होंने आरोप लगाया है कि पूर्व में भी युवती द्वारा उनके मिठाई दुकान में तोड़फोड़ किया गया था। इसी क्रम में युवती ने बुधवार को मांझागढ़ थाना क्षेत्र के जनटोली गांव स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गयी। इस दौरान जनटोली गांव में भारी भीड़ जुट गई थी। पुलिस एवं स्थानीय लोगों ने काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद युवती को टॉवर से नीचे उतारा। तथा हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश कर दिया। वहीं आरोपित प्रेमी एवं उसके पिता को अनुमंडल पदाधिकारी के समक्ष बांड भरवाने के बाद मुक्त कर दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। इसकी जानकारी थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने दी ।






