विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा (प. चंपारण)। मंगलवार को विश्वकर्मा सेवा संगठन, पुलिस जिला बगहा के तत्वावधान में बढ़ई (विश्वकर्मा) समाज को एकजुट करने और आपसी जनसंपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में समाज के लोगों को संगठित कर विलुप्त होती सामाजिक एकजुटता को पुनर्जीवित करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 5 मई को बगहा में विश्वकर्मा समाज के महान व्यक्तित्व भारत के सातवें राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह की जयंती को भावपूर्ण तरीके से मनाया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों से अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई।

इस अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर बैठकें आयोजित की गईं। सर्वप्रथम प्रखंड बगहा-2 के नरवल-बरवल पंचायत में बैठक हुई, जिसके बाद सेमरा थाना क्षेत्र के कटकुइया गांव, बजरा और थरुहट बहुल क्षेत्र कदमहवा में भी बैठकें संपन्न हुईं। इन बैठकों में बड़ी संख्या में बढ़ई समाज के लोगों ने भाग लिया और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के लोगों को एक मंच पर लाकर उनके अधिकारों, पहचान और सामाजिक सम्मान को बढ़ावा देना ही मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने सभी समाज के भाई-बंधुओं से अपील की कि वे 5 मई को आयोजित होने वाले जयंती समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।






