Monday, March 30, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास पहले 100 दिनों में ही दिखा असर: दशकों से लंबित कार्यों का...

पहले 100 दिनों में ही दिखा असर: दशकों से लंबित कार्यों का हुआ निष्पादन

0
4

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र में विकास की रफ्तार को लेकर एक सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। क्षेत्र के विधायक ने अपने कार्यकाल के शुरुआती 100 दिनों के भीतर ही कई ऐसे कार्यों को पूरा कराया है, जो वर्षों से लंबित पड़े थे। विधायक बनने के बाद फरवरी माह में आयोजित विधानसभा सत्र के दौरान उन्होंने क्षेत्र से जुड़ी मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। पिपरासी प्रखंड, जो करीब चार दशक पहले बना था, वहां अब तक बड़े अग्निशमन वाहन की व्यवस्था नहीं थी। इस कारण कृषि प्रधान क्षेत्र में आग लगने की घटनाओं में भारी नुकसान होता था। विधायक द्वारा गृह विभाग को पत्र लिखने के मात्र 15 दिनों के भीतर वहां दमकल वाहन उपलब्ध करा दिया गया। साथ ही गंडक पार के अन्य प्रखंडों के लिए भी बड़े अग्निशमन वाहनों की मांग की गई है।

सड़क अवसंरचना के क्षेत्र में भी पहल हुई है। बगहा से हरनाटांड़ तथा बांसी से मधुबनी जाने वाली संकरी और व्यस्त सड़कों के चौड़ीकरण को स्वीकृति मिल चुकी है, जिससे यातायात सुगम होगा और दुर्घटनाओं में कमी आएगी। बाढ़ और आपदा प्रबंधन को लेकर भी अहम कदम उठाए गए हैं। पहले जहां नाव दुर्घटनाओं के बावजूद एसडीआरएफ की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं थी, वहीं अब बगहा अनुमंडल और मधुबनी प्रखंड में एसडीआरएफ टीम की तैनाती कर दी गई है।इसके अलावा नौरंगिया दरदरी में बिजली के पोल लगाए गए, वाल्मीकिनगर अतिरिक्त पीएचसी का जीर्णोद्धार कर स्वास्थ्य सेवाएं बहाल की गईं। चाणकुहवा में मोबाइल टावर स्थापित होने से संचार सुविधा बेहतर हुई है। वहीं, करीब 10 वर्षों से बंद पड़ी दोन नहर की सफाई कराई गई है और अन्य नहरों की भी सफाई जारी है, जिससे किसानों को सिंचाई में राहत मिलेगी। नौरंगिया के मनोर नदी में कटाव निरोधक कार्यों को मजबूती दी गई है। सेमरा स्थित रेफरल अस्पताल, जो तीन वर्षों से निष्क्रिय था, उसे पुनः चालू कर एंबुलेंस सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। पूरे विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य जारी है। विधायक का कहना है कि ये सभी कार्य लंबे समय से उपेक्षित थे। उन्होंने इन्हें प्राथमिकता में रखते हुए संबंधित विभागों और मंत्रियों से लगातार संपर्क कर समाधान सुनिश्चित किया। उनका दावा है कि शेष कार्यों को भी जल्द पूरा कराया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!