विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर पूर्व नौकरशाह एवं बाबु धाम ट्रस्ट के संस्थापक एपी पाठक ने चंपारण के लोगों, विशेषकर युवाओं के नाम एक महत्वपूर्ण संदेश जारी किया है। अपने संदेश में उन्होंने समाज में एकता, भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
एपी पाठक ने कहा कि नवरात्रि केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं है, बल्कि यह समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का भी अवसर है। उन्होंने युवाओं से आग्रह करते हुए कहा कि वे महिलाओं और लड़कियों के प्रति सम्मान, सुरक्षा और समानता की भावना को अपने जीवन में अपनाएं।उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि “यदि आधी आबादी सुरक्षित और सशक्त रहेगी, तभी समाज संतुलित, खुशहाल और विकसित बन सकता है।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से ही संभव है।

एपी पाठक ने बताया कि उनका बाबु धाम ट्रस्ट निरंतर समाज में लड़कियों की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रहा है। ट्रस्ट द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता अभियान और सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से बेटियों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने अपने संदेश के अंत में कहा कि नवरात्रि की पूजा और शुभकामनाएं तभी सार्थक होंगी, जब समाज में लड़कियों को बराबरी का दर्जा और पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
एपी पाठक ने सभी चंपारणवासियों से आह्वान किया कि वे इस नवरात्रि एकजुट होकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लें और महिलाओं के सम्मान एवं सुरक्षा को अपनी प्राथमिकता बनाएं।






