Saturday, February 21, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास सड़क हादसे में आवास सहायक पवन कुमार के निधन पर बगहा में...

सड़क हादसे में आवास सहायक पवन कुमार के निधन पर बगहा में शोकसभा, अनुकंपा नियुक्ति व मुआवजे की मांग

0
2

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

बगहा। पूर्णिया पूर्व प्रखंड मुख्यालय में पदस्थापित आवास सहायक पवन कुमार के सड़क हादसे में असामयिक निधन पर शनिवार को बगहा एक प्रखंड मुख्यालय परिसर में शोकसभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित आवास सहायकों एवं कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। शोकसभा में आवास पर्यवेक्षक नीतीश कुमार, कार्यपालक सहायक फिरोज आलम, आवास सहायक दिलीप कुमार, अजय कुमार, मनोज राम, हेमंत कुमार सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने कहा कि जैसे ही पूर्णिया पूर्व प्रखंड के आवास सहायक पवन कुमार के सड़क हादसे में निधन की सूचना मिली, आवास सहायकों में शोक की लहर दौड़ गई। कर्मियों ने बताया कि पवन कुमार अपने पीछे चार बच्चों सहित पूरे परिवार को छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस दुखद घड़ी में सभी आवास सहायकों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस कठिन समय को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

इस अवसर पर आवास सहायकों ने विभाग से मांग की कि सड़क हादसे में दिवंगत आवास सहायक पवन कुमार के परिजनों को आश्रित के आधार पर अनुकंपा नियुक्ति (सरकारी नौकरी) दी जाए तथा सम्मानजनक मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि परिवार को आर्थिक सहारा मिल सके। वहीं, स्थानीय आवास सहायकों ने अपनी समस्याओं को भी सामने रखते हुए बताया कि उन्हें पिछले आठ माह से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है। कई कर्मियों के परिवार भुखमरी की स्थिति तक पहुंच गए हैं। बच्चों की स्कूल फीस, दैनिक खर्च और बीमार परिजनों का इलाज कराना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया है। आवास सहायकों ने कहा कि लगातार वेतन नहीं मिलने से उनके घर की बुनियादी जरूरतों को पूरा करना भी मुश्किल हो गया है और त्योहार का समय भी बिना उत्साह के बीत रहा है। उन्होंने विभाग से शीघ्र वेतन भुगतान सुनिश्चित करने और उनकी समस्याओं का समाधान करने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!