अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण
बेतिया। जिला समाहरणालय, बेतिया के मुख्य द्वार के समक्ष मंगलवार को बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के बैनर तले राजस्व कर्मियों ने एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों और कार्य संबंधी समस्याओं को लेकर सरकार एवं विभाग का ध्यान आकृष्ट किया।
धरना दे रहे कर्मियों ने बताया कि संयुक्त कर्मचारी का ग्रेड पे 1900 (लेवल-2) के स्थान पर 2800 (लेवल-3) किया जाए। साथ ही, जब योग्यता को स्नातक कर दिया गया है तो ग्रेड पे 4200 निर्धारित किया जाना चाहिए।
इसके अलावा सभी नवनियुक्त राजस्व कर्मचारियों को शीघ्र गृह जिला में पदस्थापन देने की मांग की गई।

कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि विभाग द्वारा कार्य निष्पादन के लिए लैपटॉप के अलावा मोबाइल, इंटरनेट, कागज, कलम, प्रिंटर, टेबल, कुर्सी तथा क्षेत्र भ्रमण हेतु कोई सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि रविवार एवं अन्य राजपत्रित अवकाशों में राज्यपाल के आदेश के विरुद्ध कार्य लिया जा रहा है, जो नियमों के खिलाफ है।
धरनार्थियों ने बताया कि निर्धारित कार्य अवधि सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के अलावा भी कई घंटों तक कार्य लिया जाता है। वहीं एक-एक राजस्व कर्मचारी को कई हल्का/पंचायतों का अतिरिक्त प्रभार देकर अत्यधिक बोझ डाला जा रहा है, जिससे कर्मचारी मानसिक और शारीरिक रूप से बीमार हो रहे हैं। इसका असर उनके स्वास्थ्य और पारिवारिक दायित्वों के निर्वहन पर भी पड़ रहा है।
उपरोक्त सभी मांगों और समस्याओं के समाधान को लेकर संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर यह धरना आयोजित किया गया।
धरना में राज्य संघ के राज्य सचिव सत्य प्रकाश जायसवाल, अध्यक्ष ललन भारती, सचिव राहुल रंजन सहित सैकड़ों की संख्या में कर्मचारी संघ के सदस्य शामिल रहे।






