Saturday, March 14, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास बकरी विवाद को लेकरदो पक्षों में जमकर मारपीट,दोनों ओर से प्राथमिकी दर्ज

बकरी विवाद को लेकरदो पक्षों में जमकर मारपीट,दोनों ओर से प्राथमिकी दर्ज

0
55

वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट

थाना क्षेत्र के विसहा ग्राम में बकरी को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। इस घटना में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं और एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाने में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की छानबीन में जुट गई है।
प्रथम पक्ष की ओर से विसहा ग्राम निवासी लालमुनि देवी, पति बृजमोहन मुखिया ने वाल्मीकिनगर थाने में आवेदन देकर बताया कि वह अपने घर के पास सड़क किनारे गेहूं सुखा रही थीं। इसी दौरान पड़ोस की बकरी आकर उनका गेहूं खाने लगी। जब उन्होंने इसका विरोध किया और बकरी हटाने को कहा, तो यह बात विवाद का कारण बन गई। आरोप है कि इसी बात को लेकर चिंता देवी पति संतोष मुखिया, गीता देवी पति श्याम सुंदर मुखिया, रितेश कुमार पिता मुसाफिर मुखिया एवं काजल देवी पति रितेश कुमार मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
लालमुनि देवी के अनुसार, झगड़े की आवाज सुनकर उनकी बेटी मनीषा कुमारी बीच-बचाव करने आई, लेकिन आरोपितों ने उसके साथ भी मारपीट की, जिससे वह घायल हो गई। घटना के बाद पीड़िता ने थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
वहीं, द्वितीय पक्ष की ओर से चिंता देवी, पति संतोष बीन ने भी प्रथम पक्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। अपने आवेदन में उन्होंने बताया कि लालमुनि देवी की बकरी उनके दरवाजे पर आ गई थी। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोप है कि अनीता देवी, मनीषा कुमारी, अनिल कुमार, गोपी बीन (सभी पिता बृजमोहन मुखिया) तथा बृजमोहन मुखिया पिता स्वर्गीय गंगा मुखिया उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए बाल पकड़कर मारपीट करने लगे।
चिंता देवी का यह भी आरोप है कि जब उनकी सास उन्हें बचाने आईं, तो उनके साथ भी मारपीट की गई। इतना ही नहीं, आरोपितों द्वारा जान से मारने की धमकी भी दी गई। शोर-शराबा सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह दोनों पक्षों को अलग कर झगड़ा शांत कराया।
इस पूरे मामले पर वाल्मीकिनगर थानाध्यक्ष मुकेश चंद्र कुमर ने बताया कि दोनों पक्षों से प्राप्त आवेदनों के आलोक में दो अलग-अलग कांड संख्या दर्ज की गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!