अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण, बिहार
मझौलिया। महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार, 2 अक्टूबर को मझौलिया स्थित मोतीलाल उच्च माध्यमिक विद्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहम्मद लुकमान के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी निकाली।प्रभात फेरी में विद्यालय के शिक्षकों के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय परिसर से शुरू हुई प्रभात फेरी थाना के समीप पहुंची और पुनः विद्यालय परिसर में आकर समाप्त हुई। इस दौरान विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।प्रधानाध्यापक मोहम्मद लुकमान ने कहा कि गांधी जयंती पर प्रभात फेरी निकालने का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के विचारों और आदर्शों से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि सभी को गांधीजी की विचारधारा को आत्मसात करते हुए सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलना चाहिए।

शिक्षिका शालिनी साह ने कहा कि विद्यार्थियों को गांधीजी के आदर्शों और उनके बताए मार्ग पर चलने के लिए लगातार प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गांधी जयंती के उपलक्ष्य में विद्यालय में पिछले चार दिनों से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रभात फेरी के माध्यम से विद्यार्थियों को सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के साथ गांधीजी के विचारों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया। प्रभात फेरी में शिक्षक लालमणि, सुनीत चौबे, रमण कुमार मिश्रा, शालिनी साह, वीणा विंसेंट, अंजली राय, प्रियंका राज, नीरा कुमारी, श्रवण कुमार, प्रियंका कुमारी, शौकत अली, मीनाक्षी कुमारी एवं सोनी जायसवाल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल रहे।






