अनिल कुमार शर्मा मझौलिया / आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण
मझौलिया थाना क्षेत्र के धनकुटवा गांव में सोमवार को 68 वर्षीय अधिवक्ता साधु शरण उपाध्याय की गिरफ्तारी के बाद बेतिया व्यवहार न्यायालय परिसर में पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच गहमागहमी हो गई। पुलिस एक मामले में आरोपी बनाए गए अधिवक्ता को कोर्ट में पेश करने पहुंची थी। गिरफ्तारी की जानकारी पर कई अधिवक्ता जुट गए और कार्रवाई का विरोध किया।
अधिवक्ता के अनुसार, वह अपनी जमीन पर काम करा रहे थे। जमीन को लेकर पहले से टाइटल सूट चल रहा है। उनका आरोप है कि पुलिस ने काम बंद कराया और विरोध करने पर उन्हें थाने ले गई। बाद में कोर्ट में पेशी के दौरान भी अधिवक्ताओं ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। विरोध के बीच पुलिस उन्हें जज के आवास लेकर गई, जहां अधिवक्ता भी पहुंच गए। सुनवाई के दौरान पांच हजार रुपये जुर्माना लगाने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। वरिष्ठ अधिवक्ता रणजीत तिवारी ने कार्रवाई को प्रक्रिया के विपरीत बताया। पुलिस का विस्तृत पक्ष सामने नहीं आया है।






