आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया। श्रीनगर पूजहां थाना क्षेत्र के पूजहां पटजीरवा वार्ड-15 निवासी 21 वर्षीय विनय कुमार की बुधवार शाम जीएमसीएच बेतिया में इलाज के दौरान मौत हो गई। विनय आरएलएसवाई कॉलेज से बीए पास था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया गया कि 8 सितंबर को विनय किसी काम से चौक की ओर गया था। लौटने के दौरान घर से करीब 200 मीटर पहले उसकी बाइक की सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों की सलाह से गोरखपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने स्थिति नाजुक बताई।
बुधवार को परिजन उसे वापस जीएमसीएच बेतिया लाए। चिकित्सकों ने पटना रेफर किया। पटना ले जाने की तैयारी के बीच ही उसकी मौत हो गई। मृतक पांच भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। बड़े भाई वृजेश कुमार ने बताया कि परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। मौत के बाद गांव में मातम पसरा है।






