विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
मधुबनी। बगहा अनुमंडल क्षेत्र के गंडक पार दियारा इलाके में बाढ़ और कटाव की गंभीर स्थिति को देखते हुए मधुबनी प्रखंड के सिसई एवं चिउरही पंचायत के प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। प्रखंड प्रमुख विजया सिंह ने मौके पर पहुंचकर बाढ़ एवं कटाव की स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल आवश्यक सुरक्षात्मक एवं राहत उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में बाढ़ और कटाव की स्थिति चिंताजनक पाई गई। इसे देखते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को प्रभावित इलाकों में फ्लड फाइटिंग सामग्री की तत्काल उपलब्धता एवं आपूर्ति सुनिश्चित कराने, संवेदनशील स्थलों पर आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य कराने तथा आमजन की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया गया।

प्रखंड प्रमुख ने कहा कि बाढ़ और कटाव की चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में लोगों की सुरक्षा, राहत एवं बचाव सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। संवेदनशील स्थलों पर निगरानी रखते हुए आवश्यकता के अनुसार सुरक्षात्मक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उप प्रमुख बिरगुन गद्दी, मुखिया विजय यादव, मुखिया कृष्णा यादव, बीडीसी मुन्ना कुशवाहा एवं बीडीसी दौनाहा रीता देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने भी प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया और कटाव से बचाव के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

प्रखंड प्रमुख ने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रशासन और जनप्रतिनिधि प्रभावित लोगों के साथ मजबूती से खड़े हैं तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।






