विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
SSB 21वीं वाहिनी, बगहा (बिहार) द्वारा कमांडेंट श्री तपेश्वर संबित राउत के मार्गदर्शन में हर घर तिरंगा–2026 अभियान के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता एवं देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 11 अगस्त 2026 को राजकीय माध्यमिक विद्यालय, रामपुर के छात्र-छात्राओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के सम्मान, उसकी गरिमा एवं ध्वज संहिता के अनुरूप तिरंगे को फहराने के सही तरीके के संबंध में विस्तृत जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

विद्यार्थियों को बताया गया कि राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता, अखंडता, गौरव एवं राष्ट्रीय भावना का प्रतीक है तथा प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह तिरंगे का सम्मान एवं उसकी गरिमा बनाए रखे।इसके साथ ही सशस्त्र सीमा बल के जवानों द्वारा विद्यार्थियों को बल में प्रयुक्त विभिन्न हथियारों एवं उपकरणों का प्रदर्शन कराया गया तथा उनके बारे में सामान्य जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को हथियारों के महत्व, उनके सुरक्षित रख-रखाव एवं सुरक्षा बलों की भूमिका के संबंध में भी अवगत कराया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सुरक्षा बलों के कार्यों एवं राष्ट्र सेवा के प्रति अपनी जिज्ञासाएं व्यक्त कीं।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान तथा सुरक्षा बलों के प्रति जागरूकता की भावना को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिली। 21वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बगहा द्वारा ‘हर घर तिरंगा–2026’ अभियान के अंतर्गत ऐसे विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति उनके कर्तव्यों एवं राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा के प्रति जागरूक करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।






