विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिमी चंपारण, बिहार
बगहा। सावन की दूसरी सोमवारी के पावन अवसर पर बगहा नगर स्थित बाबा विश्वंभरनाथ धाम पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। इस दौरान हजारों श्रद्धालु वाल्मीकिनगर त्रिवेणी से गंगाजल लेकर पैदल यात्रा करते हुए मंदिर पहुंचे और विधि-विधान के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया। “बोल बम” के जयकारों से मंदिर परिसर सहित आसपास का पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर कमिटी एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की गई थीं।

भक्तों के लिए प्रसाद, पेयजल, शरबत, चाय, बिस्कुट एवं गर्म पानी की सुविधा उपलब्ध कराई गई। साथ ही दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं के लिए बैठने और विश्राम करने की भी समुचित व्यवस्था की गई थी। स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बगहा मेडिकल टीम भी मौके पर तैनात रही। टीम द्वारा जरूरतमंदों को दवाइयां उपलब्ध कराई गईं, जबकि मामूली रूप से घायल श्रद्धालुओं के लिए प्राथमिक उपचार (मलहम-पट्टी) की व्यवस्था की गई। गंभीर रूप से अस्वस्थ श्रद्धालुओं के लिए एंबुलेंस सेवा भी मुहैया कराई गई थी।

वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बगहा पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। पुलिसकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित कतार में जल चढ़ाने की व्यवस्था कराई तथा पूरे आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसका विशेष ध्यान रखा। मंदिर कमिटी, प्रशासन एवं सामाजिक संगठनों के आपसी समन्वय और सहयोग से सावन की दूसरी सोमवारी का आयोजन शांतिपूर्ण, भव्य एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जो क्षेत्र में आस्था और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बना।






