विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया। पश्चिम चंपारण जिले के पुरुषोत्तमपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 92.693 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 27 जुलाई 2026 की शाम तकनीकी एवं मानवीय आसूचना के आधार पर की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक, पश्चिम चंपारण, बेतिया को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल की ओर से गांजा की भारी खेप वाहन के माध्यम से जिले में प्रवेश करने वाली है। सूचना के सत्यापन के बाद एसपी के निर्देश पर पुरुषोत्तमपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा सैनिक रोड पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान एक संदिग्ध बैगनार कार (रजिस्ट्रेशन नंबर DL5CF-3395) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में वाहन के भीतर छिपाकर रखे गए कुल 11 पैकेट बरामद किए गए, जिनमें कुल 92.693 किलोग्राम गांजा पाया गया। पुलिस ने मौके पर ही वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकुमार कुशवाहा (पिता – सुरेश प्रसाद कुशवाहा), निवासी ग्राम निमुइया, वार्ड संख्या 6, थाना नवलपुर, जिला पश्चिम चंपारण के रूप में की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुरुषोत्तमपुर थाना में कांड दर्ज कर लिया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। बरामदगी में गांजा के अलावा उक्त बैगनार वाहन भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस इस मामले में तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की भी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।






