वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
वाल्मीकि नगर वन क्षेत्र के जटाशंकर वन परिसर में वन विभाग की टीम ने शाम की गश्ती के दौरान अवैध रूप से सखुआ का पेड़ काट रहे एक व्यक्ति को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोल चौक स्थित कास्ट भंडार निवासी बल्ली मुखिया, पिता छेदी मुखिया के रूप में हुई है।
फॉरेस्टर आशीष कुमार ने बताया कि नियमित शाम की गश्ती के दौरान वनकर्मियों ने जटाशंकर वन क्षेत्र में एक व्यक्ति को सखुआ का पेड़ काटते हुए देखा। टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे मौके से पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से पेड़ काटने में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की गई।
वन विभाग ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम एवं संबंधित वन अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जेल भेज दिया गया। बतादें,वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि संरक्षित वन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की अवैध कटाई या वन संपदा को नुकसान पहुंचाने की गतिविधियों से दूर रहें। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।






