विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा पुलिस जिला अंतर्गत थाना क्षेत्र के भैरोगंज बाजार से एक 14 वर्षीय किशोर के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद से परिजनों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं पूरे इलाके में चिंता का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, रामनगर प्रखंड एवं बगहा प्रखंड सीमा क्षेत्र के जुड़ा पकड़ी गांव निवासी मुन्ना सहनी का पुत्र दीपु कुमार सहनी बीते 23 जुलाई 2026 की शाम करीब 5 बजे भैरोगंज बाजार गया था। बाजार जाने के बाद वह घर वापस नहीं लौटा। देर शाम तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। पहले आसपास के क्षेत्रों में तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद रिश्तेदारों और जान-पहचान के लोगों के यहां भी जानकारी ली गई, फिर भी उसका कोई पता नहीं चल सका।

लापता किशोर की लंबाई करीब 4 फीट 11 इंच बताई जा रही है तथा उसका रंग साँवला है। घटना के समय वह पीले रंग का कपड़ा (बनियान/शर्ट) और सफेद पैंट पहने हुए था। परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका सता रही है, जिसके कारण वे काफी परेशान और चिंतित हैं। परिजनों द्वारा इस संबंध में बगहा पुलिस जिला के रामनगर थाना एवं भैरवगंज थाना दोनों जगह लिखित आवेदन देकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने की गुहार लगाई गई है। आवेदन में पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई कर किशोर की बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की गई है। इधर, पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। थाना स्तर पर आसपास के क्षेत्रों में सूचना प्रसारित की जा रही है और संभावित स्थानों पर खोजबीन जारी है।

स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से अपील की है कि इस मामले में तत्परता दिखाते हुए लापता किशोर को जल्द से जल्द सकुशल बरामद किया जाए, ताकि परिजनों की चिंता दूर हो सके।






