विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत प्रखंड बगहा-एक के पतिलार पंचायत स्थित पतिलार में शनिवार को 4.80 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भव्य उद्घाटन स्थानीय विधायक राम सिंह द्वारा फीता काटकर किया गया। उद्घाटन के बाद विधायक ने नव-निर्मित भवन का निरीक्षण भी किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य अधिकारियों ने विधायक को बताया कि यह अस्पताल 30 बेड की क्षमता वाला है और अब नए भवन में ही अस्पताल का नियमित संचालन किया जाएगा। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस भवन में स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर संचालन की पूरी व्यवस्था की गई है। नए भवन में अस्पताल शुरू होने की सूचना से चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों में उत्साह का माहौल देखा गया। विधायक राम सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

इस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से आसपास के लोगों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। इस अवसर पर भाजपा बगहा जिलाध्यक्ष अचिंत्य लल्ला, सिविल सर्जन विजय चौधरी, बीपीएम अमित अचल, डॉ. आर.एस. मुन्ना, डीपीसी अमित कुमार, जीएमएन विनय कुमार सिंह, अस्पताल प्रबंधक शाहनवाज हुसैन, पीएचसी प्रभारी राजेश कुमार, चिकित्सा पदाधिकारी भूषण कुमार, अनुमंडलीय अस्पताल बगहा के अधीक्षक अशोक कुमार तिवारी सहित जीएनएम, एएनएम एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे। इसके अलावा भाजपा मंडल अध्यक्ष भूलन साह, प्रमोद काजू सहित कई गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए और स्वास्थ्य केंद्र के उद्घाटन पर खुशी जताई।
बगहा में 100 शैय्या वाले अनुमंडलीय अस्पताल का शिलान्यास
बगहा-1 में 100 शैय्या वाले आधुनिक अनुमंडलीय अस्पताल के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। दिनांक 25 जुलाई 2026 को बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के कर-कमलों द्वारा इस बहुप्रतीक्षित अस्पताल का विधिवत शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अस्पताल क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है और ग्रामीण क्षेत्रों में भी आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है। 100 शैय्या वाले इस अस्पताल के निर्माण से बगहा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अब इलाज के लिए दूर-दराज के शहरों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इसमें अत्याधुनिक सुविधाएं, विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता तथा बेहतर चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था की जाएगी।स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि अस्पताल का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा, जिससे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार आएगा।






