Saturday, July 25, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास पिपरासी थाना का औचक निरीक्षण, लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश

पिपरासी थाना का औचक निरीक्षण, लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश

0
19

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

पुलिस अधीक्षक बगहा राजेश कुमार ने पिपरासी थाना का औचक निरीक्षण कर वहां की विधि-व्यवस्था, प्रशासनिक कार्यों एवं लंबित मामलों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना में दर्ज लंबित कांडों की गहन समीक्षा की और संबंधित पदाधिकारियों को पुराने मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक निर्देश दिए। एसपी ने थाना के अभिलेखों एवं संचिकाओं के रख-रखाव की भी जांच की। इस दौरान उन्होंने दस्तावेजों को व्यवस्थित रखने, अनुसंधान कार्य में तेजी लाने तथा निष्पादन की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही थाना परिसर की साफ-सफाई एवं अनुशासन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना स्तर पर पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को आमजनों के साथ सौहार्दपूर्ण, संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखने का निर्देश दिया, ताकि जनता का विश्वास पुलिस पर और मजबूत हो सके। इसके अलावा उन्होंने पंचायत स्तर के जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सामुदायिक सहयोग से ही क्षेत्र में विधि-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ रखा जा सकता है।

पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि किसी भी पुलिस पदाधिकारी या कर्मी के विरुद्ध पुलिस की छवि धूमिल करने वाली शिकायत प्राप्त होती है, तो उसे गंभीरता से लिया जाएगा और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। निरीक्षण के इस दौरान थाना के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे और उन्हें दिए गए निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!