अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण।
थाना क्षेत्र स्थित धोकराहा पंचायत के पुरैना सरेह स्थित अकड़ाहा नदी में बुधवार को चारा काटने गई दो बच्चियों की डूबकर मौत हो गई। जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा परिवार में चित्कार मचा हुआ है। मृतको की पहचान बरवा सेमरा घाट पंचायत के ओझा मठिया गांव निवासी शत्रुघ्न साह की 13 वर्षीय पुत्री राधा कुमारी तथा दशरथ साह की 12 वर्षीय पुत्री गुंजा कुमारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों राजकीय प्राथमिक विद्यालय, ओझा मठिया की कक्षा चार की छात्राएं थीं। राधा की मां शोभा देवी ने बताया कि दोनों बुधवार को विद्यालय नहीं गई थीं। वे अन्य बच्चों के साथ पुरैना सरेह में चारा काटने गई थीं। इसी दौरान अकड़ाहा नदी के किनारे पैर फिसलने से दोनों गहरे पानी में चली गईं। मौजूद बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव का प्रयास किया। साथ ही एसडीआरएफ टीम को सूचना दी ।

परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद एसडीआरएफ की टीम लगभग एक घंटा विलंब से घटनास्थल पर पहुंची। परिजनों का कहना है कि यदि बचाव दल समय पर पहुंच जाती तो दोनों बच्चियों की जान बचाई जा सकती थी। घटनास्थल पर पहुंचे एसडीआरएफ की टीम ने दोनों शव नदी से बाहर निकाला। थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि दोनों शवों को मझौलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम कराने से इंकार करने पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया गया। घटना के बाद परिजनों में चित्कार मचा हुआ है। गांव में मातमी सन्नाटा छाया हुआ है। परिजनों के करुणा जनक विलाप से सबकी आंखें नम हो जा रही है।






