विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया। पंचायती राज विभाग के अंतर्गत बिहार राज्य पंचायत संसाधन संस्था (BSPRI) द्वारा पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के लिए एक महत्वपूर्ण क्षमतावर्द्धन कार्यक्रम की शुरुआत की जा रही है। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (RGSA) के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में राज्य के बाहर एक्सपोजर विजिट (Exposure Visit Outside State) कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 20.07.2026 को पश्चिम चम्पारण जिले के 42 पंचायत प्रतिनिधियों के एक विशेष दल को उत्तर प्रदेश के लिए रवाना किया गया।

समाहरणालय परिसर से इस चार दिवसीय अध्ययन भ्रमण वाहन को उप विकास आयुक्त, जिला पंचायत राज पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर और शुभकामनाएं देकर रवाना किया। इस महत्वाकांक्षी कार्यक्रम के तहत पश्चिम चंपारण जिले के विभिन्न पंचायतों से चयनित कुल 42 मुखिया (प्रतिभागियों) का एक विशेष बैच उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थ नगर जिले में स्थित बेहतरीन कार्य करने वाली मॉडल ग्राम पंचायतों (Model Gram Panchayats) का अध्ययन भ्रमण करेगा।
भ्रमण कार्यक्रम का मुख्य विवरण :
भ्रमण की तिथि: 20 जुलाई 2026 से 23 जुलाई 2026 तक।
प्रस्थान का समय एवं स्थान :
20 जुलाई 2026 को पूर्वाह्न 10:00 बजे, समाहरणालय, पश्चिम चंपारण से सभी प्रतिभागी रवाना।
चयनित प्रतिभागी :
पश्चिम चंपारण जिले के विभिन्न प्रखंडों के कुल 42 निर्वाचित मुखिया इस दल में शामिल हैं।
भ्रमण कार्यक्रम का उद्देश्य :-
जमीनी स्तर के पंचायत प्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक क्षमताओं को मजबूत करना। इस बाह्य भ्रमण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बिहार के मुखियाओं को अन्य राज्यों की सफल और आदर्श ग्राम पंचायतों की कार्यप्रणाली, विकास योजनाओं और वहां लागू किए गए नवाचारों (Innovations) से अवगत कराना है।

इससे जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार पंचायतों को और अधिक सुदृढ़ तथा मॉडल पंचायत के रूप में विकसित कर सकेंगे।






