ड्रग्स से जुड़ी राशि में हेराफेरी और FIR में गड़बड़ी के आरोप, जांच जारी।
विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
मोतिहारी/बगहा: कार से 25 लाख रुपये की बरामदगी से जुड़े मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए पूर्वी चंपारणमोतिहारी जिला के पुलिस अधीक्षक (SP) स्वर्ण प्रभात ने तुर्कौलिया थाना प्रभारी (SHO) सम्पत कुमार यादव को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई प्रशिक्षु डीएसपी ऋषभ कुमार द्वारा प्रस्तुत जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त मामले में बरामद राशि को ड्रग्स से संबंधित बताया गया था। जांच के दौरान SHO पर आरोप लगा कि उन्होंने मामले की गंभीरता को कम करने के उद्देश्य से FIR में तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया और वास्तविक स्थिति को छिपाने का प्रयास किया। इसके साथ ही बरामद 25 लाख रुपये में हेराफेरी की भी आशंका जताई गई है। जानकारी देते हुए SP स्वर्ण प्रभात ने स्पष्ट किया है कि प्रथम दृष्टया साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है तथा मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पहले भी विवादों में रहे हैं सम्पत कुमार

बताया जाता है कि सम्पत कुमार यादव इससे पहले पश्चिम चंपारण जिला के बगहा पुलिस जिला अंतर्गत सेमरा थाना में थानाध्यक्ष के पद पर कार्यरत रह चुके हैं। उनके कार्यकाल के दौरान भी उन पर भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग के कई गम्भीर आरोप लगे थे। स्थानीय स्तर पर उन्हें ‘रिश्वतखोर SHO’ के रूप में भी जाना जाता रहा है। जिसकी जानकारी देते हुए राजद के प्रवक्ता जावेद अख्तर उर्फ मुन्ना ने बताया कि सेमरा थाना में पदस्थापन के दौरान उनके खिलाफ बगहा व्यवहार न्यायालय में एक परिवाद भी उनके द्वारा दायर किया गया था, जिस पर न्यायालय ने संज्ञान लेते हुए उन्हें 30 जून 2026 को पेश होने का आदेश दिया है। इसके अलावा पटना उच्च न्यायालय में भी उनके विरुद्ध एक आपराधिक रिट याचिका दायर की जा चुकी है।
प्रशासन सख्त, जांच का दायरा बढ़ा

इस पूरे घटनाक्रम के बाद पश्चिम चंपारण से पूर्वी चंपारण तक पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। उच्च अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि मामले की जांच का दायरा और बढ़ाया जा सकता है तथा इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस कार्रवाई से पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूती मिलेगी। वहीं, प्रशासन ने साफ कर दिया है कि किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।






