वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
वाल्मीकि नगर थाना क्षेत्र में आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन और एसएसबी जवानों ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च का नेतृत्व थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने किया।
थाना परिसर से शुरू हुआ फ्लैग मार्च तीन आरडी, टंकी बाजार, विजयपुर, गोल चौक सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस एवं एसएसबी के जवानों ने लोगों को सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाया तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि मोहर्रम को लेकर थाना परिसर में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी से आपसी भाईचारा और सद्भाव बनाए रखते हुए पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की गई।
उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, अशांति फैलाने या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।






