विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
पुलिस जिला बगहा में सिपाही भर्ती प्रक्रिया का औपचारिक रूप से शुभारंभ हो गया है। दिनांक 21 जून 2026 से बिहार पुलिस में सिपाही पद पर नियुक्ति हेतु चयनित अभ्यर्थियों के शारीरिक माप-तौल एवं आवश्यक जांच की प्रक्रिया पुलिस केंद्र, बगहा में संचालित की जा रही है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत बगहा जिले के लिए कुल 334 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। पूरी प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक, बगहा के निर्देशन में विशेष प्रबंध किए गए हैं। सभी चयनित अभ्यर्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय के अनुसार पुलिस केंद्र, बगहा में अनिवार्य रूप से उपस्थित हों।

साथ ही उन्हें अपने साथ आवश्यक मूल प्रमाण-पत्र, प्रवेश पत्र तथा वैध पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। प्रशासन द्वारा अभ्यर्थियों को यह भी हिदायत दी गई है कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान अनुशासन बनाए रखें और सभी निर्देशों का पालन करें। पुलिस जिला बगहा ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय पर पहुंचकर इस प्रक्रिया को सफल और व्यवस्थित बनाने में सहयोग करें।






