दो पिस्टल, एक देशी कट्टा, धारदार चाकू, पांच जिंदा कारतूस, दो मैगजीन, मोटरसाइकिल, 6 मोबाइल 11,740 रुपये बरामद ।
विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा पुलिस को दिनांक 19 जून 2026 को एक बड़ी सफलता हाथ लगी, जब भैरोगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हराह नदी किनारे आम के बगीचे में डकैती की योजना बना रहे अपराधियों के गिरोह का भंडाफोड़ किया गया।गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक बगहा रामानंद कौशल के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर बगीचे की घेराबंदी करते हुए छापेमारी की। जहां पुलिस को देखते ही अपराधी भागने लगे, लेकिन सशस्त्र बल की मदद से सभी को खदेड़कर पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से दो पिस्टल, एक देशी कट्टा, एक धारदार चाकू, पांच जिंदा कारतूस, दो मैगजीन, लूट में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, 6 मोबाइल फोन तथा लूट की नकदी 11,740 रुपये बरामद किए गए। इसके अलावा भैरोगंज थाना कांड संख्या 91/26 और रामनगर थाना कांड संख्या 402/26 में लूटे गए तीन मोबाइल फोन भी बरामद हुए। पूछताछ में मुख्य आरोपी तनवीर खान ने स्वीकार किया कि उसने अपने नेतृत्व में एक संगठित गिरोह बना रखा था, जो सुनसान जगहों पर लूट की योजना बनाकर वारदात को अंजाम देता था।

गिरोह के सदस्य लूट का सामान पहले मुराद अली और कौनेन अंसारी को देते थे, जहां से वह आगे झुन्ना के पास पहुंचाया जाता था और बदले में पैसे मिलते थे। जिसमें गिरफ्तार तनवीर खान, गुड्डू अंसारी उर्फ इफ्तेहार, नबी आलम, मुराद अली, कलाम आलम, सरफराज आलम, कुनैन अंसारी, झुंझुनू उर्फ जूना, बिट्टू जायसवाल शामिल है। बगहा एसपी रामानंद कौशल ने बताया कि मुख्य आरोपी तनवीर खान पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट एवं चोरी जैसे कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। अन्य अभियुक्तों पर भी लूट और चोरी के मामलों में संलिप्तता पाई गई है। इस संबंध में भैरोगंज थाना कांड संख्या 92/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे गिरोह के नेटवर्क और अन्य संभावित वारदातों की भी जांच में जुटी हुई है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि एसआईटी टीम को परिष्कृत किया जाएगा इस मौके पर बगहा एसडीपीओ निहार भूषण, रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी, भैरोगंज थानाध्यक्ष सीता केवट सहित कई पुलिस कर्मी मौजूद रहे।






