Tuesday, July 28, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास ग्रीष्मावकाश में भी जारी है पढ़ाई, शिक्षक सोशल मीडिया के जरिए करा...

ग्रीष्मावकाश में भी जारी है पढ़ाई, शिक्षक सोशल मीडिया के जरिए करा रहे पुनरावृति

0
33

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

राज्य के सरकारी विद्यालयों में एक जून से 20 जून तक ग्रीष्मावकाश घोषित है। इस दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई की निरंतरता बनाए रखने और पाठ्य सामग्री की पुनरावृति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्थानीय शिक्षक सुनिल कुमार ने एक सराहनीय पहल की है। वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए नियमित रूप से ज्ञानवर्धक अध्ययन सामग्री और विषयगत शैक्षिक जानकारी साझा कर रहे हैं। शिक्षक सुनिल कुमार ने बताया कि ग्रीष्मावकाश के दौरान बच्चे अक्सर पढ़ाई से दूर हो जाते हैं और अपना अधिकांश समय मनोरंजन में व्यतीत करते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए पढ़ाई से जुड़े रहने का यह माध्यम अपनाया है। इससे विद्यार्थियों को न केवल पढ़ाई की निरंतरता बनाए रखने में मदद मिलेगी, बल्कि वे अपने गृहकार्य को भी समय पर पूरा कर सकेंगे और विषयों की पुनरावृति भी होती रहेगी।

उन्होंने यह भी बताया कि ग्रीष्मावकाश के लिए विद्यार्थियों को गृहकार्य दिया गया है, जिसे पूरा करने में यह सामग्री काफी सहायक सिद्ध हो रही है। चूंकि अवकाश के दौरान कई विद्यार्थी अपने अभिभावकों के साथ घूमने निकल जाते हैं, ऐसे में अभिभावकों के माध्यम से भी बच्चों की पढ़ाई और जिज्ञासाओं को पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। ज्ञात हो कि शिक्षक सुनिल कुमार पूर्व में कोरोना काल सहित पिछले वर्षों के ग्रीष्मावकाश के दौरान भी ऑनलाइन माध्यम से विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराते रहे हैं। उनकी यह पहल शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और विद्यार्थियों को पढ़ाई से जोड़े रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!