विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
मधुबनी प्रखंड कार्यालय में आज प्रखंड प्रमुख विजय सिंह की अध्यक्षता में नवनियुक्त आवास सहायकों के साथ एक परिचयात्मक एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य नवपदस्थापित कर्मियों को उनके दायित्वों से अवगत कराना तथा सरकारी आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना था। बैठक के दौरान प्रखंड प्रमुख ने सभी आवास सहायकों को निर्देश दिया कि वे पूरी पारदर्शिता, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर आवास योजना का लाभ मिले, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कर्मियों से अपील की कि वे क्षेत्र में जाकर वास्तविक लाभार्थियों की पहचान करें तथा योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करें। साथ ही कार्य में गति लाने और आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए अपने-अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए।






