विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
दिनांक 18 मई 2026 को 65 वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, बगहा परिसर में आगामी 20 मई 2026 को आयोजित होने वाले बिहार पुलिस के 227 नवप्रशिक्षुओं के भव्य दीक्षांत परेड समारोह के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन हेतु फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्री हरी प्रकाश, उप महानिरीक्षक, सशस्त्र सीमा बल, क्षेत्रक मुख्यालय बेतिया उपस्थित रहे। महोदय द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया तथा प्रशिक्षु जवानों के अनुशासन, समर्पण एवं शानदार प्रदर्शन की सराहना की गई ।

जवानों ने प्रस्तुत किया अनुशासन और शौर्य का अद्भुत प्रदर्शन
दीक्षांत परेड रिहर्सल के दौरान नवप्रशिक्षित जवानों ने अनुशासन, साहस एवं उत्कृष्ट प्रशिक्षण का प्रेरणादायक प्रदर्शन किया। इस अवसर पर प्रशिक्षुओं द्वारा प्रस्तुत आकर्षक मार्च पास्ट, मास पीटी, टैटू ड्रिल, वॉल्टिंग, मल्लखंब, हथियार संचालन की दक्षता एंव डॉग शो ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएँ, शिक्षकगण, मीडिया प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने जवानों के उत्साहपूर्ण एवं अनुशासित प्रदर्शन की सराहना की।

इस अवसर पर वाहिनी के वरिष्ठ अधिकारीगण, प्रशिक्षक एवं अन्य बल कर्मी उपस्थित रहे। आगामी 20 मई 2026 को आयोजित होने वाले दीक्षांत परेड समारोह को लेकर जवानों एवं अधिकारियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
कार्यक्रम का लाइव प्रसारण 65वीं वाहिनी के आधिकारिक YouTube चैनल “65 Bn SSB Bettiah” के माध्यम से किया जाएगा, जिससे आमजन भी इस गौरवपूर्ण समारोह का सीधा प्रसारण देख सकेंगे।






