विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित “अभियान नया सवेरा” के तहत बगहा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। चौतरवा थाना क्षेत्र में आर्केस्ट्रा के नाम पर नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर लाने के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई में दो नाबालिग बच्चियों को मुक्त कराया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 18 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 2:20 बजे पुलिस को सूचना मिली कि चौतरवा थाना क्षेत्र में पवन कुमार नामक आर्केस्ट्रा संचालक द्वारा दो नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर काम के लिए लाया गया है। सूचना के आधार पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और चौतरवा थाना की संयुक्त टीम का गठन किया गया। संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की और दोनों नाबालिग बच्चियों को सुरक्षित मुक्त कराया।

वहीं इस मामले में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में पीड़िताओं ने बताया कि उन्हें पैसों का लालच देकर इंग्लिशिया गांव स्थित आर्केस्ट्रा में काम करने के लिए लाया गया था। इस संबंध में बगहा पुलिस अधीक्षक निर्मला (लेडी सिंघम) ने बताया कि दोनों बच्चियों को सुरक्षित उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया है तथा उनकी देखभाल के लिए परिवार के सदस्य मौके पर मौजूद हैं। पुलिस ने इस मामले में चौतरवा थाना कांड संख्या 139/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 143(5), 146 तथा जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धारा 81/84 एवं बाल एवं किशोर श्रम (निषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 की धारा 3/14(1) के तहत कार्रवाई की है। बगहा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस तरह के प्रलोभनों से सावधान रहें और अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि से दूर रखें। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि मानव तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।






