अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण
मझौलिया प्रखंड के मोहद्दीपुर पंचायत स्थित वार्ड संख्या 11 में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने तबाही मचा दी। अचानक उठी आग की लपटों ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और आसपास के कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों के संभलने से पहले ही सात परिवारों के आशियाने जलकर पूरी तरह खाक हो गए।
इस अग्निकांड में बम ठाकुर, शिवमंगल ठाकुर, मनोज ठाकुर, दीनदयाल ठाकुर, अमेरिका ठाकुर, राम अवतार ठाकुर तथा शंभू ठाकुर के घर पूरी तरह नष्ट हो गए। घरों में रखा फर्नीचर, गहने, बर्तन, कपड़े और नगदी सहित अन्य जरूरी सामान जलकर राख हो गया, जिससे पीड़ित परिवारों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया। लोग अपने-अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन आग की तीव्रता के आगे सब बेबस नजर आए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल राहत और मुआवजा देने की मांग की है, ताकि प्रभावित परिवारों को इस संकट की घड़ी में सहारा मिल सके।






