विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा दो बाल विकास परियोजना कार्यालय में अब आंगनवाड़ी से जुड़े सभी कार्यों के लिए सेविका या सहायिका को स्वयं उपस्थित होना अनिवार्य कर दिया गया है। बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सावित्री दास ने इस संबंध में स्पष्ट आदेश जारी करते हुए कहा है कि किसी भी कार्यालयीय कार्य में सेविका या सहायिका के स्थान पर उनके पति या बेटे की उपस्थिति स्वीकार नहीं की जाएगी।

इस आदेश का मुख्य उद्देश्य बिचौलियों पर लगाम लगाना और कार्यालय के कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करना है। विभाग को लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि सेविका/सहायिका के परिजनों की आड़ में कुछ बिचौलिए कार्यालयी प्रक्रिया में हस्तक्षेप कर कार्य में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। बताया गया कि इस मुद्दे को लेकर वाल्मीकि नगर विधायक सुरेंद्र प्रसाद के पास भी पिछले कई महीनों से शिकायतें पहुंच रही थीं।

विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सावित्री दास से चर्चा की, जिसके बाद यह आदेश पारित किया गया। प्रशासन को उम्मीद है कि इस निर्णय से आंगनवाड़ी से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी और अनावश्यक हस्तक्षेप पर रोक लगेगी।






