अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण
मझौलिया प्रखंड के अरनहवा मठ स्थित बिहार सरकार से मान्यता प्राप्त श्री राम जानकी विद्या मंदिर एक बार फिर शिक्षा और संस्कार का उत्कृष्ट केंद्र बनकर उभरा। यहां मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय परिसर उत्साह, उमंग और गर्व के वातावरण से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम के दौरान उन विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने इसी विद्यालय से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त कर मैट्रिक परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की। विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल छात्रों को फूल-माला पहनाकर, मोमेंटो, मेडल और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।

सम्मानित होने वाले प्रमुख विद्यार्थियों में शमशेर आलम, समीक्षा कुमारी, सुधा कुमारी, सांवली कुमारी, आदर्श कुमार, कृपा कुमारी और संजीव कुमार सहित कई प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं शामिल रहे। सम्मान पाकर छात्रों के चेहरे पर खुशी, आत्मविश्वास और उपलब्धि की चमक साफ झलक रही थी। समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के निदेशक अमरदेव प्रसाद ने कहा कि यह संस्थान केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन और व्यक्तित्व निर्माण का मजबूत आधार है। उन्होंने छात्रों को जीवन में सफलता के लिए निरंतर मेहनत, समर्पण और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहने की प्रेरणा दी।

वहीं प्रधानाध्यापक अभिमन्यु कुमार ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा, “जो पढ़ेगा वही बढ़ेगा।” उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह दी और बताया कि यह विद्यालय माध्यमिक शिक्षा का एक सशक्त केंद्र है, जहां हर बच्चा अपनी प्रतिभा को निखार सकता है। कार्यक्रम में मैथमेटिक्स कोचिंग सेंटर के डायरेक्टर वासुदेव कुमार ने भी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि के रूप में शैलेश कुमार, अजय साह, संजीव कुमार, अनिल कुमार और झुना कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इसके अलावा विद्यालय के शिक्षक मंटू कुमार यादव, राजू कुशवाहा, विकास कुशवाहा, कुशाग्र सिंह, सुनील सिंह, कृष मोहन ओझा, सत्येंद्र तिवारी, आदित्य कुमार तथा शिक्षिकाएं नाजिया खातून, मोबिना खातून और अंजू कुमारी सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं कार्यक्रम में मौजूद रहे। यह सम्मान समारोह न केवल छात्रों के लिए गर्व का पल बना, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत साबित हुआ। पूरे आयोजन ने शिक्षा के प्रति जागरूकता और आगे बढ़ने की नई ऊर्जा का संचार किया।






