Wednesday, April 1, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास 10 महीने से नहीं मिला मानदेय, सफाई कर्मियों में आक्रोश।

10 महीने से नहीं मिला मानदेय, सफाई कर्मियों में आक्रोश।

0
2

पंचायत प्रतिनिधियों पर लापरवाही का आरोप, कार्य प्रभावित।

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

बगहा, केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के तहत गांव से लेकर शहर तक पंचायत स्तर पर सफाई कर्मियों की बहाली की गई है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। बगहा प्रखंड एक अंतर्गत ग्राम पंचायत राज चखनी रजवटिया के वार्ड संख्या 01 से 14 तक कार्यरत सफाई कर्मियों को पिछले लगभग 10 महीनों से मानदेय का भुगतान नहीं किए जाने से उनमें भारी आक्रोश व्याप्त है। सफाई कर्मियों का कहना है कि वे लगातार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, बावजूद इसके उन्हें उनका मेहनताना नहीं मिल रहा है। इससे उनके सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। इस संबंध में लालती देवी, छोटेलाल डोम, फेकु डोम, गुड्डू डोम, दसरथ डोम, बाढु डोम, लालबचन डोम, जोती देवी, अखिलेश पासवान सहित अन्य कर्मियों ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।

सफाई कर्मियों ने पंचायत के स्वच्छता पर्यवेक्षक निरंजन उर्फ गुड्डू यादव एवं पंचायत के मुखिया रवि रंजन उर्फ लाल बाबू यादव पर लापरवाही का आरोप लगाया है। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों के बीच पारिवारिक संबंध (चाचा-भतीजा) होने के कारण पंचायत कार्यप्रणाली में पारदर्शिता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि इस मामले में अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इधर, वार्डों में कचरा उठाने के लिए उपलब्ध कराए गए तीन पहिया साइकिल जर्जर हो चुके हैं। कई साइकिलें पूरी तरह खराब हो गई हैं, जबकि बैटरी चालित वाहन भी क्षतिग्रस्त स्थिति में हैं। इससे सफाई व्यवस्था चरमरा गई है और गांव में गंदगी का अंबार लगने लगा है।

सफाई कर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बकाया मानदेय का भुगतान नहीं किया गया और आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की है। वहीं, इस संबंध में पूछे जाने पर पंचायत के मुखिया लाल बाबू उर्फ रविरंजन यादव ने बताया कि स्वच्छता कर्मियों का भुगतान पंचायत राज के स्तर से किया जाता है लेकिन कई महीनों से आवंटन राशि प्राप्त नहीं होने के कारण वेतन भुगतान में देरी हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जैसे ही राशि प्राप्त होगी, सभी कर्मियों का भुगतान कर दिया जाएगा तथा खराब वाहनों एवं तीन पहिया साइकिलों को भी दुरुस्त कराया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!