Monday, March 30, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास बगहा रेल गुमटी 50C को बंद नहीं करने की मांग तेज, व्यवसायियों...

बगहा रेल गुमटी 50C को बंद नहीं करने की मांग तेज, व्यवसायियों का प्रतिनिधिमंडल DRM से मिला

0
9

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

बगहा। बाल्मीकिनगर सांसद सुनील कुमार की पहल पर आज व्यवसायी वर्ग का सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल बगहा स्थित रेल गुमटी संख्या 50C को बंद नहीं करने की मांग को लेकर समस्तीपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) ज्योति प्रकाश मिश्रा एवं सीनियर डीसीएम अनन्या स्मृति से मिला। प्रतिनिधिमंडल में नगर परिषद सभापति प्रतिनिधि अमित गुप्ता उर्फ पप्पू गुप्ता, DRUCC सदस्य राकेश सिंह के साथ व्यवसायी संघ के अशोक कुमार गुप्ता, सुरेश प्रसाद उर्फ टुनटुन गुप्ता, चंदन कुमार, मोनू कुमार और राजकिशोर दास शामिल रहे। प्रतिनिधियों ने रेल प्रशासन के समक्ष गुमटी बंद होने से स्थानीय व्यवसाय और आमजन के आवागमन पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभाव को विस्तार से रखा।

मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि इस मामले की गंभीरता से समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि रेलवे के दिशा-निर्देशों और जनहित को ध्यान में रखते हुए कोई संतुलित एवं सुविधाजनक समाधान निकाला जाएगा। साथ ही, स्थानीय लोगों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ विमर्श कर उचित निर्णय लिया जाएगा। इस दौरान रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति (DRUCC) के सदस्य राकेश सिंह ने बगहा समेत बाल्मीकिनगर संसदीय क्षेत्र के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की भी मांग रखी। उन्होंने स्टेशनों पर बैठने के लिए बेंच, स्वच्छ पेयजल, शौचालय एवं साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई।

इसके अतिरिक्त कामाख्या-कटरा एक्सप्रेस ट्रेन के बगहा में ठहराव, रात्रि में पटना के लिए एक पेसेंजर ट्रेन चलाने तथा जिला मुख्यालय बेतिया के लिए सुबह-शाम दो जोड़ी पेसेंजर ट्रेनों के संचालन की भी मांग की गई। बैठक के दौरान रेलवे अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और यथासंभव समाधान का भरोसा दिलाया। उल्लेखनीय है कि इस मुद्दे को लेकर हाल ही में सांसद सुनील कुमार ने नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं को रखा था।

बैठक के बाद सभी व्यवसायियों ने इस पहल के लिए सांसद के प्रति आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि जल्द ही सकारात्मक निर्णय सामने आएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!