आखिरी ओवर में पलटा मैच, मुकेश कुमार बने जीत के नायक।।
अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण, बिहार
मझौलिया प्रीमियम लीग टी-20 नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेल प्रेमियों के लिए जबरदस्त रोमांच लेकर आया। मोतिहारी और अहवर शेख की टीमों के बीच खेले गए इस मुकाबले में हर पल उतार-चढ़ाव देखने को मिला। दर्शकों से खचाखच भरे मैदान में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच को यादगार बना दिया।टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मोतिहारी की टीम शुरुआत में लय पकड़ती दिखी, लेकिन अहवर शेख की टीम के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए उन्हें खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। लगातार अंतराल पर विकेट गिरते रहे, जिससे मोतिहारी की टीम दबाव में आ गई। अंततः पूरी टीम 109 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।

110 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अहवर शेख की टीम ने संतुलित शुरुआत की। हालांकि बीच के ओवरों में कुछ अहम विकेट गिरने से मुकाबला एक बार फिर रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया। मैच धीरे-धीरे आखिरी ओवर तक खिंच गया, जहां जीत के लिए अंतिम गेंद पर 6 रन की दरकार थी। तनाव से भरे उस क्षण में मुकेश कुमार ने बेहतरीन हिम्मत दिखाते हुए आखिरी गेंद पर जोरदार छक्का जड़ दिया और अपनी टीम को 4 विकेट से शानदार जीत दिला दी। इस निर्णायक पारी के लिए उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ के खिताब से नवाजा गया। उनके इस प्रदर्शन ने पूरे मैदान को उत्साह से भर दिया और दर्शकों ने तालियों की गूंज से उनका स्वागत किया।

इस नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के सफल आयोजन में मझौलिया के चिकित्सकों एवं समाज के सम्मानित लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मौके पर मुखिया सत्य प्रकाश, जितेंद्र तिवारी, रंजन पटेल, रॉकी कुमार, अजीत कुमार, विशाल कुमार, विजय कुमार, छोटू कुमार, हसमुल्लाह आलम, गुड्डू साह, विकी कुमार, राजन कुमार बैठा, शिव शंकर कुमार, प्रदीप सिंह सहित एफसीसी के सभी सदस्य मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।






