विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। सोमेश्वर धाम में आयोजित नवरात्रि मेले के दौरान 24 मार्च 2026 को एक 7 वर्षीय बालिका, किरन (पुत्री श्री शैलेश यादव), निवासी ग्राम पचरुखिया, जिला पश्चिम चंपारण, मेला क्षेत्र में अपने परिजनों से बिछड़ गई। मेला में मौजूद कुछ सजग लोगों ने बालिका को सुरक्षित अवस्था में 65वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की सीमा चौकी त्रिवेणी अंतर्गत स्थापित स्वास्थ्य शिविर में तैनात कर्मियों के पास पहुंचाया। सूचना मिलते ही एसएसबी की टीम ने तत्परता दिखाते हुए सीमा चौकी सोमेश्वर, गोवर्धना सहित मार्ग में स्थापित अन्य कैंपों से संपर्क साधा और बालिका के परिजनों की खोज शुरू की।

लगातार प्रयासों के बाद कुछ ही समय में बालिका के परिजनों का पता लगा लिया गया। काली माता मंदिर के समीप मौजूद बालिका की चाची को उसके सकुशल होने की सूचना दी गई। इसके बाद बालिका के चाचा सीमा चौकी त्रिवेणी पहुंचे, जहां पहचान की पुष्टि एवं आधार कार्ड सत्यापन के उपरांत बालिका को सुरक्षित रूप से परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। एसएसबी की इस त्वरित एवं मानवीय पहल की मेला क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। बल द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए लगातार सतर्कता बरती जा रही है, जिससे इस तरह की परिस्थितियों में तुरंत मदद सुनिश्चित हो सके।






