विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
पुलिस अधीक्षक, बगहा रामानंद कौशल के द्वारा भैरोगंज थाना का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव एवं कार्यप्रणाली का गहनता से अवलोकन किया गया। निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने लंबित कांडों की विस्तार से समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा अनुसंधान कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

इसके साथ ही विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। थानाध्यक्ष एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों/कर्मियों को क्षेत्र में सतत गश्ती, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने तथा आम जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने की हिदायत दी गई। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट रूप से कहा कि थाना स्तर पर कार्यों में पारदर्शिता, तत्परता एवं जवाबदेही बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, ताकि आम जनता का पुलिस प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो सके।






