विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बीती देर रात भितहा थाना पुलिस ने सघन छापेमारी अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की। थाना क्षेत्र के करहिया बसौली गांव में विगत दिनों हुए चर्चित हत्या कांड के फरार अभियुक्त को पुलिस ने धर दबोचा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भितहा थाना कांड संख्या 41/26 से संबंधित मामले में फरार चल रहे अभियुक्त वीरेंद्र राम (पिता- केदार राम), निवासी ग्राम करहिया बसौली, थाना भितहा, जिला पश्चिम चम्पारण को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा लंबे समय से अभियुक्त की तलाश की जा रही थी।

छापेमारी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए देर रात उसे उसके ठिकाने से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए अभियुक्त को बगहा न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस हत्या कांड में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।






