कठोर परिश्रम ही सफलता की कुंजी है, लक्ष्य निर्धारित कर पठन-पाठन करें।
अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण ।
मझौलिया प्रखंड क्षेत्र के महना गन्नी पंचायत अंतर्गत पारस पकड़ी गांव की रहने वाली समीरा खातून ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और लगन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। साधारण परिवार से आने वाली समीरा ने इंटर की परीक्षा में 423 अंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार ही नही बल्कि पूरे प्रखंड का नाम रोशन किया है। खास बात यह है कि उन्होंने बिना किसी कोचिंग के केवल सेल्फ स्टडी के बल पर यह शानदार सफलता हासिल की। समीरा खातून के पिता शेख इंतेयाज पेशे से एक सिलाई मास्टर हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी बेटी की पढ़ाई में कभी कोई कमी नहीं आने दी। समीरा ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया है, जिनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।उनकी प्रारंभिक शिक्षा राजकीय मध्य विद्यालय पारस पकड़ी से हुई, जहां प्रधानाध्यापक रामाशंकर सिंह के मार्गदर्शन में उन्होंने शिक्षा की मजबूत नींव रखी। रामशंकर सिंह ने बताया कि समीरा बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी और अनुशासित छात्रा रही है। उसकी मेहनत और लगन शुरू से ही उसे अन्य छात्रों से अलग बनाती थी।

वहीं, राजकीय माध्यमिक विद्यालय महना गन्नी के प्रधानाध्यापक अर्पणाकांत मिश्रा ने कहा कि किसी भी शिक्षक के लिए यह गर्व का क्षण होता है जब उसका छात्र इस तरह की सफलता प्राप्त करता है। उन्होंने समीरा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वह आगे भी इसी तरह मेहनत करती रहे और अपने लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करती रहे ।
समीरा का सपना संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा पास कर देश की सेवा करना है। उनके पिता शेख इंतेयाज ने भावुक होते हुए कहा कि वह अपनी बेटी की पढ़ाई के लिए हर संभव प्रयास करेंगे और जरूरत पड़ने पर सब कुछ दांव पर लगा देंगे।समीरा खातून की यह सफलता आज के युवाओं के लिए प्रेरणा है कि कठिन परिस्थितियों में भी यदि सच्ची लगन और मेहनत हो, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता है । गौरतलब हो कि समीरा खातून सभी विषयो में डिस्टिंक्शन के साथ सफलता हाशिल की है । मौके पर घनश्याम तिवारी, कविता कुमारी , स्वाति कुमारी, आदर्श कुमार ,सुनील कुमार , बाबूलाल साह सहित अन्य शामिल थे ।






