अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण
मझौलिया, 23 मार्च 2026 भाकपा माले का पश्चिम चम्पारण जिला सम्मेलन की तैयारी तथा अमेरिका–इजराइल द्वारा ईरान के खिलाफ जारी युद्ध के विरोध में चलाए जा रहे देशव्यापी अभियान के तहत मझौलिया ( धोकरहा) में एक महत्वपूर्ण कन्वेंशन का आयोजन किया गया।
इस कन्वेंशन को भाकपा माले केन्द्रीय कमिटी सदस्य सह सिकटा के पूर्व विधायक वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता ने संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम चम्पारण में पार्टी संगठन को मजबूत बनाने के लिए आगामी जिला सम्मेलन बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर आम जनता के मुद्दों को उठाएं और पार्टी की नीतियों को व्यापक रूप से प्रचारित करें।
उन्होंने अमेरिका–इजराइल द्वारा ईरान के खिलाफ चलाए जा रहे युद्ध को साम्राज्यवादी आक्रामकता करार देते हुए इसकी कड़ी निंदा की।

उन्होंने कहा कि इस युद्ध का असर केवल मध्य-पूर्व तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका दुष्प्रभाव पूरे विश्व सहित भारत पर भी पड़ेगा। ऐसे में देश के अंदर शांति और युद्ध-विरोधी जनमत तैयार करना समय की जरूरत है।
कन्वेंशन में वक्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की बदहाल स्थिति तथा बिहार में कानून-व्यवस्था के सवालों को भी प्रमुखता से उठाया। साथ ही, जिला सम्मेलन को सफल बनाने के लिए विभिन्न कमिटियों के गठन और व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इनके अलावा भाकपा माले मझौलिया अंचल सचिव जवाहर प्रसाद, भाकपा माले का वरिष्ठ नेता रिखी साह, अफाक अहमद, रविकान्त पासवान आदि नेताओं ने भी सम्बोधित किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
जवाहर प्रसाद






