विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। इंटरमीडिएट (10+2) परीक्षा का रिजल्ट जारी होते ही छात्रों और अभिभावकों में खुशी की लहर दौड़ गई। जैसे ही परिणाम घोषित हुआ, सफल छात्र-छात्राओं के घरों में जश्न का माहौल बन गया और अभिभावकों ने मिठाई खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की। स्थानीय सहकारी प्रोजेक्ट बालिका उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय, पठखौली की छात्रा कुमारी आयुषी अर्क ने विज्ञान संकाय से 406 अंक, यानी लगभग 82.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि पर परिवार सहित शिक्षकों और शुभचिंतकों में खासा उत्साह देखा गया।

आयुषी के पिता निप्पू कुमार पाठक एवं माता रेखा कुमारी ने बेटी की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए उसे आगे भी मेहनत जारी रखने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के शिक्षक मुन्ना मिश्र, रसेन्द्र प्रसाद, अमरीश तिवारी, आर.के. पाठक, दीपक पांडेय सहित कई अभिभावकों ने आयुषी को बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सभी ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशी साझा की।मौके पर उपस्थित लोगों ने आयुषी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसे अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया।

उल्लेखनीय है कि आयुषी अर्क, मलकौली वार्ड संख्या-2 निवासी तथा पर्यावरण प्रेमी व नैतिक जागरण मंच वेलफेयर ट्रस्ट के सचिव निप्पू कुमार पाठक की पुत्री हैं। इस अवसर पर निप्पू कुमार पाठक ने इंटरमीडिएट परीक्षा में सफल सभी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






