विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा पुलिस अधीक्षक रामानंद कौशल बगहा द्वारा शनिवार को बगहा थाना क्षेत्र एवं रामनगर थाना अंतर्गत विभिन्न नमाज स्थलों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और मौके पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने नमाज अदा करने पहुंचे लोगों से मुलाकात की, उनसे हाथ मिलाया तथा आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांति बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहार समाज में एकता और सद्भाव को मजबूत करने का अवसर होते हैं, जिसे सभी को मिलकर बनाए रखना चाहिए।

इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामनगर, संबंधित थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी भी उपस्थित रहे। सभी नमाज स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, ताकि लोग शांतिपूर्ण माहौल में अपने धार्मिक कर्तव्यों का पालन कर सकें।






