विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बढ़ती एलपीजी गैस किल्लत को लेकर गुरुवार को लोगों का आक्रोश सड़क पर फूट पड़ा। – मुख्य मार्ग स्थित एनएच-727 पर शास्त्री नगर रैन बसेरा के समीप उपभोक्ताओं ने सड़क जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान करीब 25 मिनट तक राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह बाधित रहा, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े थे। गैस वितरण वाहन पहुंचा और कुछ देर तक सिलेंडर बांटे गए, लेकिन स्टॉक खत्म होते ही वाहन लौट गया। उपभोक्ताओं को दोबारा आपूर्ति का आश्वासन दिया गया, मगर काफी देर तक वाहन वापस नहीं आया, जिससे लोगों का गुस्सा बढ़ गया।

आक्रोशित लोग गैस एजेंसी पहुंचे, जहां उन्हें बताया गया कि गोदाम मालिक दोनों वाहनों की चाभी लेकर चले गए हैं। इससे नाराज उपभोक्ताओं ने वापस आकर एनएच-727 को जाम कर दिया।सूचना मिलते ही पटखौली थाना और नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई ध्रुव प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। पुलिस के आश्वासन के बाद स्थिति सामान्य हुई और आवागमन बहाल किया गया। इसी बीच रूबी गैस एजेंसी की ओर से सिलेंडर लेकर वाहन मौके पर पहुंचा, जिसके बाद पुलिस की निगरानी में वितरण शुरू कराया गया। हालांकि इस दौरान कुछ युवकों के बीच कहासुनी के बाद हल्की मारपीट भी हुई, जिसे पुलिस ने तुरंत शांत करा दिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से गैस की भारी किल्लत बनी हुई है। सुबह से लाइन में लगने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। कई घरों में गैस खत्म हो चुकी है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। लोगों ने प्रशासन से जल्द आपूर्ति सुचारु करने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके।






