मानव जीवन में यज्ञ का है बहुत बड़ा महत्व।
अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण।
मझौलिया प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत रमपुरवा महनवा पंचायत के वार्ड नंबर 10 में नवरात्र के पावन अवसर पर शतचंडी महायज्ञ को लेकर भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई। इस शोभा यात्रा में 1001 कुमारी कन्याओं एवं महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में गाजे-बाजे के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे गांव में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मुख्य यजमान विकास पांडे ने बताया कि यह आयोजन पिछले लगभग 10 वर्षों से निरंतर होता आ रहा है। उन्होंने कहा कि यज्ञ करने से वातावरण शुद्ध होता है तथा लोगों को सुख, शांति और समृद्धि की प्राप्ति होती है।

साथ ही यह धर्म के उत्थान और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है।वहीं पुजारी भारत बाबा ने जानकारी दी कि कलश यात्रा यज्ञ स्थल से प्रारंभ होकर पूरे पंचायत का भ्रमण करते हुए सिकरहना नदी तक गई, जहां से पवित्र जल भरकर पुनः यज्ञ स्थल लाया गया। उन्होंने बताया कि यह शतचंडी महायज्ञ कुल 9 दिनों तक विधि-विधान के साथ संपन्न होगा। इस अवसर पर पंचायत के मुखिया डॉ. चंद्रिका शाह ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और आपसी भाईचारा मजबूत होता है। कार्यक्रम में अमित पांडे, तारा देवी, योगी दास, वैद्यनाथ दास, उपेंद्र कुमार साह, शिवजी तिवारी, बिट्टू तिवारी, पप्पू तिवारी, अमित कुमार तिवारी सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।






