विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। बगहा नगर परिषद क्षेत्र में पिछले करीब छह माह से बंद पड़े नल-जल योजना के जलमीनारों के संचालन को लेकर लोक शिकायत पदाधिकारी राजीव कुमार ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। समाजसेवी एवं लोक कल्याण विकास मंच वेलफेयर ट्रस्ट के अध्यक्ष रवि उपाध्याय के परिवाद पर सुनवाई करते हुए नगर परिषद को योजना के मेंटेनेंस का जिम्मा लेने का निर्देश दिया गया है। बताया गया कि बिहार सरकार की नल-जल योजना के तहत बगहा में बने सात जलमीनार लंबे समय से मेंटेनेंस के अभाव में बंद पड़े थे, जिससे स्थानीय लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को लेकर रवि उपाध्याय ने लिखित आवेदन देकर मांग की थी कि पीएसयू संस्था बुडको से मेंटेनेंस सेवा को नगर परिषद को हस्तांतरित किया जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर इसकी खामियों को दूर कर योजना को सुचारु रूप से चलाया जा सके। मामले की जांच के दौरान लोक शिकायत पदाधिकारी ने बुडको के कार्यपालक से संवाद किया, जिसमें जानकारी मिली कि बुडको का रखरखाव कार्यकाल समाप्त हो चुका है। इसके बाद लोक प्राधिकार सह कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बगहा को नोटिस जारी कर प्रतिवेदन मांगा गया। नगर परिषद द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के अवलोकन में यह स्पष्ट हुआ कि पेयजल परियोजनाओं का औपचारिक हस्तांतरण नहीं होने के कारण उनका संचालन बाधित था। इस पर सुनवाई करते हुए लोक शिकायत पदाधिकारी ने रवि उपाध्याय के परिवाद को स्वीकार करते हुए नगर परिषद बगहा को निर्देश दिया है कि 15 दिनों के भीतर बोर्ड की बैठक कराकर नल-जल योजना का सफल संचालन सुनिश्चित करें तथा इस संबंध में प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं।






