विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन ने मंगलवार को होटलों एवं रेस्टोरेंटों में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया। अनुमंडल पदाधिकारी बगहा श्रीमती चांदनी कुमारी तथा प्रखंड आपूर्ति निरीक्षक बगहा-1 श्रीमती प्रतिमा कुमारी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।छापेमारी के दौरान कई दुकानों में घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध रूप से व्यावसायिक उपयोग करते हुए पाया गया। जांच के क्रम में बगहा-1 क्षेत्र से 6 तथा बगहा-2 क्षेत्र से 11 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इस प्रकार कुल 17 सिलेंडर बरामद किए गए।

जब्त सिलेंडरों की कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें रूबी गैस एजेंसी को जिम्मेनामा बनाकर सौंप दिया गया। प्रशासन ने अनियमितता बरतने वाले दुकानदारों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया है। अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग नियमों के विरुद्ध है और इस तरह की अनियमितताओं पर प्रशासन की नजर बनी हुई है। आगे भी ऐसे मामलों में लगातार जांच और कार्रवाई की जाएगी।






