विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। पुलिस प्रशासन द्वारा कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में दिनांक 09 मार्च 2026 को चौतरवा थाना कांड संख्या 251/2025 की समीक्षा के दौरान गंभीर लापरवाही सामने आने पर चौतरवा थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक राहुल कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया। समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि उक्त कांड के प्राथमिकी अभियुक्त अमित शाही, निवासी अहिरौलिया, थाना चौतरवा, जिला पश्चिम चम्पारण के विरुद्ध मामला सत्य पाए जाने के बावजूद पिछले सात महीनों से उसकी गिरफ्तारी नहीं की गई। इतना ही नहीं, अभियुक्त की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए वारंट प्राप्त करने का भी कोई प्रयास नहीं किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए इसे कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, मनमाने ढंग से अनुसंधान करने तथा गैरजिम्मेदाराना तरीके से कार्य करने का मामला मानते हुए पुलिस अवर निरीक्षक राहुल कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर निलंबित कर दिया गया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले किसी भी पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।






