वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भारत-नेपाल सीमा पर स्थित गंडक बराज के फाटक नंबर-18 पर रविवार की सुबह भारत और नेपाल के सुरक्षाबलों के बीच सौहार्द और मित्रता का अनूठा दृश्य देखने को मिला। इस अवसर पर सीमा पर तैनात एसएसबी और बिहार पुलिस के अधिकारियों ने नेपाल एपीएफ की महिला सुरक्षाकर्मियों को मिठाई और उपहार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान दोनों देशों के सुरक्षा बलों ने महिला दिवस को विशेष और यादगार बनाने के लिए संयुक्त रूप से आयोजन किया। गंडक बराज पर भारतीय तिरंगा के साथ मौजूद भारतीय सुरक्षाकर्मियों की उपस्थिति पूरे माहौल को देशभक्ति और सम्मान के भाव से भर रही थी। वहीं नेपाल के एपीएफ के जवान भी पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस अवसर पर दोनों देशों के अधिकारियों और जवानों ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं। महिला सुरक्षाकर्मियों को उपहार भेंट कर उनके साहस, समर्पण और सेवा भावना की सराहना की गई। कार्यक्रम के दौरान दोनों देशों के सुरक्षाबलों ने शस्त्र सलामी देकर एक-दूसरे के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
इसके बाद दोनों देशों के अधिकारियों ने आपसी समन्वय और सीमा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की। अधिकारियों ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच वर्षों से मित्रवत और भरोसेमंद संबंध रहे हैं, जिन्हें सीमा पर तैनात सुरक्षाबलों की आपसी समझ और सहयोग और भी मजबूत बनाता है।
गंडक बराज स्थित एसएसबी की 21वीं वाहिनी के इंस्पेक्टर सह कंपनी कमांडर लोकेश कुमार बनिया ने बताया कि भारत और नेपाल के बीच संबंध सदैव सौहार्दपूर्ण रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के सुरक्षा बल सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना को भी बनाए रखते हैं।

उन्होंने कहा कि आज के समय में महिला सुरक्षाकर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। सीमा सुरक्षा में भी महिलाएं कंधे से कंधा मिलाकर अपनी जिम्मेदारियां निभा रही हैं। इसलिए अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उन्हें सम्मानित करना हम सभी के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने आगे कहा कि भारत की परंपरा और संस्कृति में महिलाओं को विशेष सम्मान दिया जाता है। इसी भावना को साझा करने के उद्देश्य से पड़ोसी देश नेपाल के महिला सुरक्षाकर्मियों को भी सम्मानित किया गया, ताकि महिलाओं के प्रति सम्मान और आदर का संदेश सीमाओं से परे भी पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान भारत और नेपाल के सुरक्षाबलों के बीच आत्मीयता और मित्रता का वातावरण देखने को मिला। दोनों देशों के जवानों ने एक-दूसरे के साथ बातचीत कर सीमा पर शांति और सहयोग बनाए रखने का संकल्प भी दोहराया।
अंतरराष्ट्रीय सीमा पर आयोजित यह कार्यक्रम न केवल महिला सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि भारत-नेपाल के बीच मजबूत संबंध और आपसी विश्वास की एक सुंदर मिसाल भी पेश कर गया।






