विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 65वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (SSB) द्वारा महिला सशक्तिकरण विषय पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन कमांडेंट श्री एन. एस. मेहरा के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में SDM बगहा, श्रीमती चांदनी कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर श्रीमती रश्मि रंजन (वाइस प्रेसिडेंट, नगर परिषद बगहा), श्रीमती नम्रिता जायसवाल (प्राचार्य, सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल), विद्यालय के शिक्षकगण, मीडिया कर्मी, संदीक्षा सदस्य एवं छात्राएं भी उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत “Fitness Ki Dose, Aadha Ghanta Roz” के स्लोगन के साथ की गई। इस दौरान 65 वाहिनी के समस्त अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारीगण, संदीक्षा सदस्य, छात्राएं, वाहिनी के कर्मी एवं बिहार पुलिस के नव प्रशिक्षुओं ने जुम्बा डांस के माध्यम से फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं अन्य वक्ताओं ने महिलाओं की शिक्षा, आत्मनिर्भरता तथा समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।

कमांडेंट श्री एन. एस. मेहरा ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएं समाज की प्रगति की आधारशिला हैं तथा उनके सशक्त होने से ही परिवार, समाज और राष्ट्र मजबूत बनता है। उन्होंने महिलाओं को शिक्षा, आत्मविश्वास और स्वावलंबन के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाने के साथ-साथ समाज में उनके अधिकार, सम्मान और समानता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।






